सज गया शहर, आज से सडक़ों पर जनसैलाब, शहर में दिखने लगी दुर्गोत्सव की अनुपम छटा, दूधिया रोशनी में नहाई बारडोली

कटनी, यशभारत। आदिशक्ति जगतजननी मां दुर्गा की शक्ति आराधना के महापर्व नवरात्र की धूम अब समूचे शहर में नजर आ रही है। श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। भोर होते ही माता के जयकारों की गंूज से सारा आलम गुंजायमान हो रहा। मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। दुर्गोत्सव पर्व पर समितियों द्वारा हर बार कुछ अलग हटकर करने की परम्परा का निर्वहन इस बार भी किया गया है। भव्य और मनोहारी दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना के साथ आकर्षक साज-सज्जा की गई है, जिससे पूरा शहर दूधिया रोशनी से नहा रहा है। खास बात यह है कि इस बार पंचमी से ही मां जगदम्बा की भव्य प्रतिमाओं की स्थापना की गई है, जिनके दर्शनार्थ आज सप्तमी से श्रद्धालु सडक़ों पर रतजगा करेंगे। स्थापना स्थलों पर साज सजावट की होड़ के चलते समूचा शहर दूधिया रोशनी में नहा चुका है।
तीन सौ से अधिक दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित
जानकारी के मुताबिक इस बार नवरात्र पर्व पर शहर एवं उपनगरीय क्षेत्रों में तीन सौ से अधिक स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। अधिकांश जगहों पर पंचमी पर दुर्गा प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा कर दी गई, इसके अलावा कहीं-कहीं पर कल प्रतिमाएं रखी गईं। सप्तमी से लेकर नवमी तक सडक़ों पर लोगों की भीड़ ही नजर आएगी।
कल अष्टमी पर रहेगी मंदिरों में रहेगी भीड़
शहर में कल नवरात्र की अष्टमी मनाई जाएगी। सुबह से ही घरों और मंदिरों में माता को अठवाई का भोग लगाया जाएगा। नवमी के दिन 19 अक्टूबर को मातारानी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। सुबह हवन और कन्या भोजन के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी के साथ ही शाम को जवारा विसर्जन किया जाएगा। शहर के प्रमुख आस्था के केन्द्र मां जालपा मढिय़ा में 18 अक्टूबर को अष्टमी मनाई जाएगी। यहां नवमी पर 19 अक्टूबर को जवारा विसर्जन होगा।
पुलिस और प्रशासन ने की तैयारियां
नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर पुलिस व जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई हैं। चौराहों से लेकर शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर पुलिस की तैनाती की गई है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। पुलिस द्वारा भीड़ बढऩे की स्थिति में नाकों पर गांवों से आने वाली भीड़ को रोकने का भी प्रयास किया जाएगा। पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ग्रामीण अंचल में भी धूम
शारदीय नवरात्र पर्व के मौके पर ग्रामीण अंचल क्षेत्रों में भी देवी मंदिरों और पंडालों में सुबह शाम मातारानी का श्रृंगार करने के साथ ही आरती-पूजन हो रहा है। दुर्गा शप्तशती के पाठ भी किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रतिदिन सर्व कल्याण के लिए हवन भी हो रहा है। नवरात्र पर्व का उल्लास जिले भर में देखने को मिल रहा है। इस दौरान देवी मंदिरों व खेर माता मढिय़ा में महागौरी के स्वरूप की पूजा के साथ अठमाई बताशे खीर का भोग लगाया गया। देवी मंदिरों के साथ घरों में कुलदेवी और पंडालों में माँ का विशेष पूजन हो रहा है और मां को छप्पन भोग का प्रसाद लगाया जा रहा हैं। नवरात्र के इस दौर में हर उम्र के लोग मां की आराधना में जुटे हैं। मां की आराधना विभित्र तरह से की जा रही है। कहीं देवी जागरण तो कहीं भगत की गूंज है।
20 को दशहरा, चौपाटी में 21 को रावण दहन
शहर में परंपरा अनुसार आगामी 20 अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर मेन रोड से दशहरा चल समारोह निकाला जाएगा। गोलबाजार रामलीला कमेटी के रावण महाराज का पुतला जुलूस में सबसे आगे होगा। इसके पीछे दुर्गा प्रतिमाएं चल समारोह में शामिल होंगी। इसी तरह चौपाटी में श्री बजरंग उत्सव समिति के तत्वावधान में विजयादशमी के पर्व पर दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। 20 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही 21 अक्टूबर को बुराई के प्रतीक रावण महाराज के पुतले का दहन होगा।







