शहर के तीन थानों का रेनोवेशन, आईएसओ सार्टिफिकेट की तैयारी, एसपी ने पुलिस कर्मियों के साथ स्वयं की सफाई

कटनी, यशभारत। जिले में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। प्रस्तावित आईएसओ प्रमाण पत्र वितरण टीम के निरीक्षण को दृष्टिगत रखते हुए सभी थानों में रंगरोगन, साफ सफाई अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य तेज गति से जारी है। पुलिस द्वारा जन पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से थानों की केवल बाहरी साजसज्जा ही नहीं, बल्कि उनकी कार्यप्रणाली को भी उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। थाना परिसरों के आंतरिक एवं बाहरी स्वरूप को नागरिक.अनुकूल बनाया जा रहा है, वहीं शिकायतों के त्वरित एवं कुशल निराकरण, न्याय प्रणाली को सशक्त बनाने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा कुठला एवं माधवनगर थाने का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में चल रही तैयारियों का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वयं साफ सफाई एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने में सहभागिता की।







