भोपालमध्यप्रदेश

यश भारत भोपाल।

भोजताल प्रभाव क्षेत्र में संशोधन की मांग, किसानों ने खोला मोर्चा

फसल बीमा की चार वर्षों की लंबित राशि के भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपे दो ज्ञापन

भोपाल,यश भारत। भारतीय किसान संघ तहसील हुजूर  जिला भोपाल ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम दो ज्ञापन सौंपे। संगठन ने भोपाल विकास योजना-2047 के प्रस्तावित भोजताल प्रभाव क्षेत्र-2  में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन करने और वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक की लंबित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि पात्र किसानों को शीघ्र दिलाने की मांग की। भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष अखिलेश मीणा ने कहा कि किसान विकास के विरोधी नहीं हैं  लेकिन विकास के नाम पर उनकी कृषि भूमि और वैधानिक अधिकारों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि भोजताल प्रभाव क्षेत्र-2 की ग्रामवार एवं खसरा-वार पुनः समीक्षा कर ऐसे क्षेत्रों को प्रतिबंधित दायरे से बाहर किया जाए, जहां जलग्रहण या संरक्षण की वास्तविक आवश्यकता नहीं है। ज्ञापन में भोपाल-सीहोर मार्ग के उत्तरी क्षेत्र के बैरागढ़ कला, भैंसाखेड़ी, भौरी, बकानिया, जमोनिया, कोलूखेड़ी, सालम बरखेड़ा, खजूरी और फंदा सहित अन्य गांवों की वर्तमान बसाहट एवं विकास के अनुरूप भूमि उपयोग में संशोधन की मांग की गई। साथ ही पूर्व में स्वीकृत कॉलोनियों एवं विकास कार्यों को संरक्षण देने और सभी भूमि स्वामियों के लिए समान नीति लागू करने की बात कही गई।

चार साल से बीमा राशि का इंतजार

दूसरे ज्ञापन में अतिवृष्टि  ओलावृष्टि  बेमौसम बारिश और सूखे से प्रभावित किसानों की लंबित फसल बीमा राशि का मुद्दा उठाया गया। संगठन के अनुसार अनेक पात्र किसानों को चार वर्षों की बीमा राशि अब तक नहीं मिली है। फसल कटाई प्रयोग (CCE), बीमा पोर्टल पर नाम  खसरा और रकबे की त्रुटियों तथा सर्वे एवं बीमा कंपनियों से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की मांग की गई। संगठन ने जगदीशपुर क्षेत्र की तर्ज पर हुजूर तहसील के पात्र किसानों को भी सिंगल क्लिक के माध्यम से लंबित बीमा राशि का भुगतान करने की मांग की। अखिलेश मीणा ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो संगठन किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button