कार की टक्कर से घायल हुआ कुत्ता, इलाज की मांग पर विवाद; थाने पहुंचे स्थानीय लोग, देखे वीडियो …..

जबलपुर,यश भारत। विजय नगर स्थित मुसकान प्लाजा में मंगलवार रात एक आवारा कुत्ते के कार की चपेट में आने के बाद विवाद की स्थिति बन गई। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि भरत सोनी के नाबालिग पुत्र द्वारा कार चलाते समय कुत्ते को कुचल दिया गया, जिससे वह घायल हो गया। फिलहाल कुत्ते का उपचार जारी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

कुत्ते के घायल होने की जानकारी मिलने पर मुसकान प्लाजा के सामने स्थित जेडी कॉलोनी के रहवासियों ने उसके इलाज की मांग की। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उपचार कराने की बात पर संबंधित पक्ष ने सहयोग करने के बजाय विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान गाली-गलौज किए जाने के साथ महिलाओं से अभद्र व्यवहार और छीना-झपटी करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
घटना से नाराज स्थानीय लोग विजय नगर थाने पहुंचे और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की। लोगों ने कुत्ते के समुचित उपचार के साथ विवाद में शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग उठाई। मामले की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा भी थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से उचित कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस के अनुसार, मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। पुलिस ने जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।







