Top-5इंदौरग्वालियरजबलपुरदेशमध्य प्रदेशमुख्य ख़बरेंराज्य

आठवें वेतन आयोग के सामने कर्मचारियों ने रखीं बड़ी मांगें, वेतन से पेंशन तक बदलाव का प्रस्ताव

जबलपुर ,यश भारत

जबलपुर ,यश भारत। आठवें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच रक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (बीपीएमएस) ने आयोग के सामने कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और सेवा सुविधाओं में बदलाव को लेकर 73 मांगों का ज्ञापन सौंपा है। इसमें सालाना वेतन वृद्धि से लेकर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली तक कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं। संगठन ने मौजूदा 3 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि को बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने की मांग की है। उसका तर्क है कि लगातार बढ़ती महंगाई और घरेलू खर्चों को देखते हुए वर्तमान वृद्धि पर्याप्त नहीं है। इसके अलावा मौजूदा महंगाई भत्ते (डीए) का 50 प्रतिशत हिस्सा नए वेतन ढांचे के निर्धारण से पहले मूल वेतन और पेंशन में मिलाने का प्रस्ताव रखा गया है।पेंशन के मुद्दे पर संगठन ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।

बीमा सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग करते हुए कर्मचारी संगठन ने केंद्रीय सरकारी कर्मचारी समूह बीमा योजना के तहत मिलने वाले 30 हजार रुपये के बीमा कवर को बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने का प्रस्ताव दिया है। वहीं, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार को मिलने वाली अनुग्रह राशि एक करोड़ रुपये करने की मांग भी रखी गई है।कर्मचारियों की पदोन्नति को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव दिए गए हैं। संगठन ने 30 साल की सेवा में कम से कम पांच वित्तीय उन्नयन देने और पदोन्नति की व्यवस्था में बदलाव की मांग की है। इसके साथ ही पुरुष कर्मचारियों के लिए पितृत्व अवकाश 45 दिन करने तथा महिला कर्मचारियों को हर महीने एक दिन का विशेष अवकाश देने का प्रस्ताव रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button