गोहलपुर में मां-बेटी की मौत से सनसनी,आत्मघाती कदम उठाने से पहले महिला ने बनाया वीडियो, पति और एक अन्य महिला पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
एक ही साड़ी के दोनों छोर से लटकी थी मां और बेटी पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर, यश भारत।गोहलपुर थाना क्षेत्र के नर्मदा नगर में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां महिला ने अपनी मासूम बेटी के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव एक ही साड़ी से बने दो फंदों पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
मौत से पहले बनाया वीडियो
घटना के बाद महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसे उसने आत्मघाती कदम उठाने से पहले बनाया था। वीडियो में महिला ने अपना नाम अंजना कुशवाहा बताया है। उसने अपने पति और सोनी गुप्ता नाम की महिला पर लंबे समय से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। अंजना ने दावा किया कि पति और दूसरी महिला के बीच कई वर्षों से संबंध हैं। इसी विवाद के चलते पति अलग किराए के मकान में रहने लगे थे। महिला ने गाली-गलौज, अपमान और बच्ची के इलाज में सहयोग नहीं करने के आरोप भी लगाए। उसने पूर्व में शिकायत किए जाने की बात कही। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि और संबंधित पक्षों का बयान जांच के बाद स्पष्ट होगा।







