फोरलेन पर किसानों का हल्ला बोल, टटटा पुल पर जुटे सैकड़ों किसान, NH-44 दो घंटे रहा जाम : गन्ने का भाव 600 रुपए करने की मांग

नरसिंहपुर- गन्ने के उचित मूल्य सहित अन्य मांगों को लेकर जिले के किसानों का आंदोलन अब सड़क पर आ गया है। संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर गुरुवार को टटटा पुल, खेरी फोरलेन पर किसानों ने रेल रोको एवं नेशनल हाईवे जाम का सांकेतिक प्रदर्शन किया।
करीब 300 किसान नेशनल हाईवे 44 पर बैठ गए। इससे नरसिंहपुर से सागर जाने वाली गाड़ियां करीब दो घंटे तक फंसी रहीं। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में किसान एकत्रित होकर शासन-प्रशासन एवं शुगर मिलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे।
क्या हैं किसानों की मुख्य मांगें –
गन्ने का मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए
अन्य राज्यों की तर्ज पर मध्यप्रदेश के किसानों को भी गन्ना बोनस दिया जाए*
प्रदेश में गन्ना नीति लागू की जाए
*सरकारी शुगर मिल स्थापित की जाए*
किसानों का कहना है कि लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन गन्ने का भाव वर्षों से वहीं अटका है। अन्य राज्यों में किसानों को बोनस मिल रहा है, तो मध्यप्रदेश का किसान क्यों वंचित है? सरकार गन्ना नीति बनाए और किसानों को उनका हक दे।
अधिकारी समझाने पहुंचे, किसान सड़क पर लेट गए
अधिकारी उन्हें समझाने पहुंचे तो किसान सड़क पर ही लेट गए। मांगें पूरी होने से पहले सड़क खोलने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद 5 थानों की पुलिस एक्शन में आ गई। जवानों ने हल्का बल प्रयोग करते हुए किसानों को सड़क से हटाया। उन्हें पुलिस की गाड़ियों में भरकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।
इसी बीच कुछ किसान करेली शुगर मिल को बंद कराने के लिए उसकी तरफ बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें टट्टा पुल पर रोक लिया। फिर उन्हें बसों में बैठाकर थाने ले गए।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन का उद्देश्य रेल रोको एवं नेशनल हाईवे जाम के सांकेतिक प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार का ध्यान किसानों की समस्याओं की ओर आकर्षित करना तथा मांगों का शीघ्र समाधान कराना है।
किसानों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। यह तो सिर्फ सांकेतिक प्रदर्शन था, मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन और बड़ा होगा।







