शादी के पांच महीने बाद विवाहिता ने पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

जबलपुर, यश भारत। अधारताल थाना क्षेत्र के चुंगी चौकी लालमाटी में शादी के पांच महीने बाद एक विवाहिता ने पति पर शराब के नशे में गाली-गलौज और मारपीट कर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। परेशान महिला भाई के साथ मायके चली गई और थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार लालमाटी निवासी 32 वर्षीय सीमा शर्मा की शादी 28 अप्रैल 2026 को कंचनपुर तीन पुलिया निवासी दीपक शर्मा से हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी से पहले पति के शराब पीने की बात उसके परिवार से छिपाई गई थी। शादी के बाद उसे पता चला कि पति शराब पीता है और नशे की हालत में आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है।
महिला ने शिकायत में बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है और रात में पढ़ाई करती है। इस दौरान पति उसके साथ विवाद करते हुए मारपीट करता है। महिला का यह भी आरोप है कि पति देर रात फोन पर किसी अन्य महिला से अश्लील बातचीत करता है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि पति ने उसे पत्नी का दर्जा देने और अपने साथ रखने से भी इनकार किया। शिकायत के मुताबिक 20 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे वह पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान पति शराब पीकर कमरे में आया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला ने घटना की जानकारी अपने भाई अरविंद शर्मा को दी। इसके बाद रात करीब 1 बजे भाई उसे लेने पहुंचा और वह उसके साथ मायके चली गई। महिला ने बताया कि उसके जेवर अभी ससुराल में रखे हुए हैं।







