भोपालमध्यप्रदेश

बाल संरक्षण व्यवस्था को नई मजबूती: शौर्या दीदी से जुड़ेगा जमीनी अमला

बाल संरक्षण व्यवस्था को नई मजबूती: शौर्या दीदी से जुड़ेगा जमीनी अमला

12 जिलों के 100 प्रशिक्षित होंगे तैयार उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति के निर्देश पर क्षमतावर्धन 

पॉक्सो मामलों में त्वरित व संवेदनशील मदद पर फोकस

भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश में पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में पीड़ित बच्चों को त्वरित और संवेदनशील मदद दिलाने के लिए जमीनी स्तर के अमले को ‘शौर्या दीदी’ के रूप में जोड़ा जा रहा है। इसके तहत बुधवार को एक दिवसीय क्षमतावर्धन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 12 जिलों के 100 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया। यह आयोजन मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति की 11 जुलाई 2026 को हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत किया गया।

प्रशिक्षण में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, गुना, दतिया, विदिशा, शिवपुरी, मंडला, रायसेन, हरदा, बैतूल और नर्मदापुरम जिलों से ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क प्रभारी, शौर्या दल की सदस्य, चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा बाल कल्याण समिति के सदस्य शामिल हुए। इन प्रतिभागियों का क्षमतावर्धन नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू), गांधीनगर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स के जरिए कराया गया।

संवाद और सहायता के समन्वय पर विशेष जोर देते हुए एनएफएसयू, गांधीनगर की वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी  ठकराल ने मनो-सामाजिक प्राथमिक उपचार की लुक, लिसन एंड लिंक’ प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि संकट से गुजर रहे बच्चे की स्थिति को परखना, संवेदनशीलता से उसकी बात सुनना और उसे जरूरी सेवाओं से जोड़ना पहले संपर्क के दौरान सबसे अहम होता है। इस दौरान यूनिसेफ मध्यप्रदेश के बाल संरक्षण अधिकारी श्री गोविंद बेनीवाल ने पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत उपलब्ध सहायक सेवाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने शौर्या दीदियों से बाल संरक्षण में ध्वजवाहक की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए इस पहल को पूरे प्रदेश के जिलों में विस्तारित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि भावनात्मक और मनो-सामाजिक संबल मिलने से पीड़ित बच्चे आघात से उबरकर सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में आगे बढ़ सकेंगे। इस अवसर पर किशोर न्याय समिति के रजिस्ट्रार श्री अनिल कुमार भी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button