सिंगलदीप विवाद ने लिया खूनी रूप, घायल की उपचार के दौरान मौत, आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर यशभारत। पनागर थाना क्षेत्र के सिंगलदीप में 22 अक्टूबर को किसी बात को लेकर हुआ विवाद गंभीर आपराधिक घटना में बदल गया। विवाद के दौरान घायल हुए अधेड़ की मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अधेड़ की मौत की खबर से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। वहीं मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पनागर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 अक्टूबर को सिंगलदीप निवासी 60 वर्षीय प्यारेलाल चक्रवर्ती का गांव के ही रहने वाले भागचंद चक्रवर्ती राजेश चक्रवर्ती एवं कालीचरण चक्रवर्ती से किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और तीनों आरोपियों ने एकराय होकर प्यारेलाल चक्रवर्ती के ऊपर लाठियां से हमला कर दिया था।
घटना के बाद अधेड़ को उपचार के लिए पहले पनागर अस्पताल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया परिजनों को उम्मीद थी कि उपचार के बाद घायल स्वस्थ होकर घर लौट आएगा, लेकिन कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।बताया जाता है कि मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान घायल प्यारेलाल चक्रवर्ती की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। जहां उसने उपचार के दौरान आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। अधेड़ की मौत के बाद विवाद की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
विवाद से मौत तक पहुंचा मामला
22 अक्टूबर को हुई घटना के बाद से ही घायल का उपचार जारी था। अब उपचार के दौरान उसकी मौत होने से पुलिस के सामने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की चुनौती है। पुलिस घटना के कारणों, विवाद की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। अधेड़ की मौत के बाद क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।







