मझौली के अभाना गांव का मामला; पांच लाख के लिए पत्नी पर जुल्म, अब पुलिस के निशाने पर आरोपी पति
दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो प्रताड़ना का आरोप, केस दर्ज होते ही तलाश तेज

जबलपुर यशभारत। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग ने एक विवाहिता की जिंदगी मुश्किल कर दी। मझौली थाना क्षेत्र के अभाना गांव में पति पर पत्नी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया गया और मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान किए जाने की शिकायत पुलिस तक पहुंची। मामले में प्रकरण दर्ज होने के बाद अब पुलिस आरोपी पति को सलाखों के पीछे पहुंचाने की तैयारी में जुट गई है।
मायके से रकम लाने का बनाता था दबाव
पुलिस के अनुसार विवाहिता 25 वर्षीय पूजा हल्दकार ने शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति नंदन कुमार द्वारा दहेज को लेकर उसे परेशान किया जा रहा था। पति पांच लाख रुपये मायके से लाने की मांग करता था। रकम नहीं मिलने पर विवाद और प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो जाता था। लगातार बढ़ती प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
विवाहिता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मझौली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ कथित प्रताड़ना के इस मामले ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि शादी के बाद भी दहेज की मांग किस तरह महिलाओं के लिए परेशानी और प्रताड़ना का कारण बन रही है।







