दिल्ली की वोट चोरी रैली से दूरी पड़ी भारी, MP युवा कांग्रेस में बड़ी कार्रवाई , रैली में शामिल नहीं होने पर प्रदेश पदाधिकारी निलंबित, उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव समेत कई नेताओं पर गिरी गाज

दिल्ली की वोट चोरी रैली से दूरी पड़ी भारी, MP युवा कांग्रेस में बड़ी कार्रवाई
रैली में शामिल नहीं होने पर प्रदेश पदाधिकारी निलंबित, उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव समेत कई नेताओं पर गिरी गाज
भोपाल , यश भारत। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित कांग्रेस की वोट चोरी रैली’ में शामिल नहीं होना मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारियों को भारी पड़ गया। संगठनात्मक अनुशासन का हवाला देते हुए मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने प्रदेश के कई पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में 3 नवंबर 2026 को निलंबन आदेश जारी किया गया।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के बावजूद रैली में अनुपस्थित रहने को संगठन ने गंभीरता से लिया है। इसे निर्देशों की अवहेलना और संगठनात्मक अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की गई है। निलंबित किए गए पदाधिकारियों में प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष महासचिव और सचिव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, संबंधित पदाधिकारियों का निलंबन आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा। इस कार्रवाई के जरिए संगठन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भागीदारी को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दिल्ली में आयोजित वोट चोरी रैली में मध्य प्रदेश से युवा कांग्रेस पदाधिकारियों की भागीदारी को लेकर संगठन की ओर से पहले ही निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अनुपस्थिति को आधार बनाकर की गई इस कार्रवाई से प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठनात्मक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल निलंबित पदाधिकारियो की ओर से इस कार्रवाई पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है







