सांवेर में जर्जर मकान तोड़ते समय दीवार गिरी, तीन महिला श्रमिकों की मौत
इंदौर, यश भारत

इंदौर, यश भारत। सांवेर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम जर्जर मकान को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टेंशन चौराहा स्थित पुरानी इमारत को ढहाने के दौरान अचानक दीवार महिला श्रमिकों पर गिर गई। हादसे में आठ श्रमिक मलबे के नीचे दब गए। घटना में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर परिषद और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अमले ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। मलबा हटाने के लिए संसाधन लगाए गए और उसके नीचे दबे श्रमिकों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। नगर के बीच स्थित टेंशन चौराहे पर दुर्घटना होने के कारण घटनास्थल पर भीड़ बढ़ गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को व्यवस्था संभालनी पड़ी। हादसे में सांवेर निवासी सुशीला पत्नी रमेश (50), रीना पत्नी लाखन (30) और सीमा पत्नी भेरूलाल (30) की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं चार महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।प्रशासन ने मलबे को हटाने और यह सुनिश्चित करने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी रखा कि कोई अन्य श्रमिक उसके नीचे दबा न रह गया हो। घटना के बाद जर्जर भवन को तोड़ने के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक तौर पर जर्जर भवन की दीवार गिरने को दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।हादसे के बाद मृत महिलाओं के परिजनों में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य के साथ घायलों के उपचार की व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।







