तस्करी के ‘सीक्रेट अड्डे’ पर खाकी का सर्जिकल स्ट्राइक : दो आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, गैंग फरार

दमोह। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पथरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 92.16 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब के साथ 49,920 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त शराब और नकदी की कुल कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पथरिया के वार्ड क्रमांक-3 स्थित राजा गुप्ता के मकान में भारी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई है। सूचना पर थाना प्रभारी महेन्द्र कुमार जगैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से सागर गोल्ड लाल मदिरा की 10 पेटियों में रखे 480 पाव तथा मेकडाबर नंबर की एक पेटी में रखे 32 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके अलावा मौके से 49,920 रुपये नकद भी मिले।
मामले में पुलिस ने निहाल गुप्ता (25), निवासी उमा मिस्त्री तलैया, दमोह और राजा उर्फ अभिनाष गुप्ता (38), निवासी वार्ड क्रमांक-3, पथरिया को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।






