वीडियो बनाने और वायरल करने वाले व्यक्ति की तलाश ज़ारी
जबलपुर,यशभारत। गोहलपुर थाना क्षेत्र में हथियारों के साथ फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के मामले में गिरफ्तार आसिफ पठान और दानिश अली को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। लेकिन पुलिस कार्रवाई के बीच दोनों आरोपियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे लेकर पुलिस अब वीडियो बनाने और वायरल करने वाले की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक हथियारों का प्रदर्शन करते हुए सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो डालने के मामले में पुलिस ने आसिफ पठान और दानिश अली को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों को मेडिकल मुलायजे के लिए विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंची। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इसी दौरान आरोपियों के किसी साथी ने दोनों का वीडियो बना लिया। वीडियो में आरोपियों को इस तरह प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया, मानो वे किसी बड़े गैंग से जुड़े हों। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया और पुलिस सक्रिय हो गई।
एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने और वायरल करने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उसकी पहचान होने के बाद उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किस स्थान पर बनाया गया और इसे सोशल मीडिया पर किसने अपलोड किया।







