कटनी

स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापामार कार्रवाई, एक दर्जन से ज्यादा पुलिस हिरासत में, आपत्तिजनक सामग्री जब्त की पुलिस ने, देखें वीडियो

कटनी। शहर में संचालित स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों और सूचनाओं के बाद कटनी पुलिस ने रविवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्पा सेंटरों पर दबिश दी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने डीएसपी शिवा पाठक और महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के नेतृत्व में बरगवां क्षेत्र स्थित आवाँ स्पा सेंटर तथा कटाई घाट मोड़ के समीप स्थित नेचरल हाई स्पा सेंटर में अचानक जांच की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दोनों स्पा सेंटरों से कुल 16 लोगों—10 महिलाओं और 6 पुरुषों—को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। नेचरल हाई स्पा सेंटर से 5 पुरुष और 5 महिलाएं, जबकि आवाँ स्पा सेंटर से 1 पुरुष और 5 महिलाएं मिलीं। पुलिस ने दोनों स्थानों से कुछ आपत्तिजनक सामग्री, टैबलेट्स और शराब की बोतलें मिलने की जानकारी दी है।

शिकायतों के बाद गठित की गई थी विशेष टीम
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के अनुसार, शहर के कुछ स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियों को लेकर लगातार मिल रही सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने रविवार को अलग-अलग स्थानों पर अचानक पहुंचकर स्पा सेंटरों की जांच की। पुलिस ने सेंटरों में मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ वहां संचालित गतिविधियों, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
बाहर के राज्यों की महिलाओं की मौजूदगी की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, दोनों सेंटरों में काम करने वाली महिलाओं में मध्यप्रदेश के अलावा अन्य राज्यों की महिलाएं भी शामिल हैं। कुछ महिलाओं के असम, हरियाणा और पश्चिम बंगाल से होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उनकी पहचान, दस्तावेजों और स्पा सेंटर में काम करने से संबंधित वैधानिक स्थिति की जांच कर रही है।
संचालकों की तलाश और आगे की कार्रवाई
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ स्पा सेंटर संचालकों के मौके से चले जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब सेंटरों के वास्तविक संचालकों और वहां संचालित गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
एएसपी कमल मौर्य ने बताया कि फिलहाल सभी संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और बरामद सामग्री के आधार पर प्रचलित कानून एवं नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रविवार शाम हुई इस अचानक कार्रवाई से शहर के अन्य स्पा सेंटर संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण जांच के तौर पर देखा जा रहा है।IMG 20260920 WA0019 IMG 20260920 WA0022

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button