Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

पीएम सूर्य घर योजना के लिए लगा शिविर, उपभोक्ताओं को दी सोलर रूफटॉप की जानकारी

जबलपुर,यशभारत। शहर संभाग विजयनगर में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर विशेष जागरूकता एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करना और योजना के तहत मिलने वाली शासकीय सब्सिडी सहित अन्य लाभों की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। शिविर में उप महाप्रबंधक (सोलर) सुनंदा यादव सहित सोलर सेल के अधिकारी तथा शहर संभाग विजयनगर के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान उपभोक्ताओं को घर की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराने की प्रक्रिया, शासन से मिलने वाली सब्सिडी, सौर ऊर्जा से बिजली खर्च में होने वाली बचत और योजना के दीर्घकालिक आर्थिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।

सोलर वेंडर्स, वित्तीय सहायता डेस्क और विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की योजना से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया। उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम की स्थापना, आवेदन प्रक्रिया, वित्तीय विकल्प, सब्सिडी प्राप्त करने तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी भी दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने योजना को लेकर जानकारी प्राप्त की। शिविर के दौरान कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। वहीं अन्य उपभोक्ताओं ने योजना से संबंधित अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। अधिकारियों ने बताया कि सौर ऊर्जा को अपनाने से उपभोक्ताओं को बिजली खर्च कम करने में मदद मिलेगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने और अपने घरों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा विद्युत व्यय कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button