बिहार में शादी समारोह बना खूनी अखाड़ा,जयमाला के बाद बरसीं गोलियां,दो घरों के चिराग बुझे

पटना, एजेंसी। बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार देर रात एक शादी समारोह उस समय खौफनाक वारदात में बदल गया, जब हथियारों से लैस बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दो युवकों की जान ले ली। गोलीबारी में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। वारदात भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव की है। यहां रहने वाले नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से आई थी। जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद बारातियों और मेहमानों ने भोजन किया। इसके बाद लोग आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने समारोह में पहुंचते ही बिना कुछ कहे गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान तीन युवक गोलियों की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में शादी का पूरा माहौल मातम में बदल गया। गोली लगने से घायल युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे का उपचार शुरू किया गया। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव के 20 वर्षीय बेटे राहुल कुमार और महंत यादव के 21 वर्षीय बेटे दीपक कुमार के रूप में हुई है।
वहीं, घायल युवक की पहचान दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव के 18 वर्षीय बेटे सोनू कुमार के रूप में हुई है। सोनू की दाहिनी जांघ में गोली लगी है। उसका अस्पताल में उपचार जारी है। बताया गया कि राहुल के बाएं कान और सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी थी, जबकि दीपक के पेट, दाहिने हाथ, बाएं कंधे और कोहनी के पास गोलियां लगी थीं। दोनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ वन सुशील कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल सोनू से पूछताछ कर वारदात की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
एसडीपीओ सुशील कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में पुराना विवाद घटना की वजह होने की आशंका सामने आई है। पुलिस फिलहाल दो-तीन बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। पुलिस का कहना है कि कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद से चकिया गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। शादी समारोह में हुई इस दोहरी हत्या ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।






