मार्बल खदान में पत्थर गिरने से सुपरवाइजर की दर्दनाक मौत, खदान सील, श्रमिकों में रोष

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के लखापतेरी के पास स्थित एक मार्बल खदान में मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे बड़ा हादसा हो गया। लोडिंग कार्य के दौरान अचानक पत्थर गिरने से खदान में कार्यरत सुपरवाइजर उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद खदान परिसर में हड़कंप मच गया और मजदूरों के बीच अफरा-तफरी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आरा (बिहार) निवासी प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। वे खदान में सुपरवाइजर के पद पर काम कर रहे थे। मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे जब खदान में लोडिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक पत्थर खिसककर या गिरकर उन पर आ गिरा। चोट इतनी गंभीर थी कि प्रदीप सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के बाद खदान के अन्य श्रमिकों में आक्रोश और रोष का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक पड़ताल के बाद पुलिस ने एहतियातन संबंधित मार्बल खदान को सील कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, इस मार्बल खदान का संचालन मज्जू खान द्वारा किया जा रहा है। शुरुआती जांच में खदान के भीतर सुरक्षा इंतजामों की कमी को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और खदान में सुरक्षा मानकों के पालन व हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है।







