मुख्य ख़बरें

नेशनल कबड्डी खिलाड़ी की संदिग्ध मौत : डंबल से पीटकर हत्या का आरोप

सागर, यशभारत ।इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र स्थित शीतल नगर में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी सरिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतिका के मायके पक्ष में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से सागर जिले के खुरई निवासी सरिता राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी थीं। उनके पिता माखनलाल सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। सरिता की पहली शादी खुरई में हुई थी, जिससे उनकी एक बेटी है, जो कक्षा 10वीं में पढ़ती है और नाना-नानी के साथ रहती है। पहली शादी टूटने के बाद करीब पांच वर्ष पहले उनकी दूसरी शादी इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र के शीतल नगर निवासी दीपक बिजौरे से हुई थी।
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सरिता को चार पहिया वाहन और पैसों की मांग को लेकर परेशान किया जाने लगा था। परिजनों का यह भी कहना है कि कई बार उन्हें खाना तक नहीं दिया जाता था और उनके साथ मारपीट की जाती थी।

परिजनों के मुताबिक, बीते 16 नवंबर की सुबह पति ने मायके पक्ष को सूचना दी कि सरिता पलंग के नीचे पड़ी मिली हैं। मायके वालों का दावा है कि घटना को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने अलग-अलग बातें बताईं। परिजनों का यह भी आरोप है कि सरिता के साथ डंबल से मारपीट की गई और बाद में उन्हें बताया गया कि उन्होंने खुद ही अपनी जान दे दी, जबकि परिजन इस बात को मानने को तैयार नहीं हैं क्योंकि वह एक खिलाड़ी थीं।
परिजनों के अनुसार, पोस्टमार्टम में सरिता की कई पसलियां टूटी होने और शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें मिलने की बात सामने आई है। इस घटना के बाद मायके पक्ष ने पति, सास, जेठ और ननद के खिलाफ बाणगंगा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल बाणगंगा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button