सोना-चांदी के भाव में लगातार गिरावट, खरीदारों ने रोकी खरीदारी….पढ़े पूरी खबर
जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे पहुंचे भाव

जबलपुर, यश भारत। जनवरी 2026 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुके सोना-चांदी के भाव अब लगातार गिरावट की ओर हैं। गुरुवार को बुधवार की तुलना में आरटीजीएस (बिल) कारोबार में चांदी के भाव में 5 हजार रुपये प्रति किलो और सोने में 1400 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई। लगातार कम होते भावों के कारण महंगे स्तर पर खरीदारी करने वाले सराफा कारोबारियों और निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।
बाजार में भावों को लेकर अनिश्चितता का असर कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है। इंटरनेट मीडिया पर बाजार के जानकारों द्वारा आगे भी कीमतों में गिरावट की आशंका जताए जाने के बाद खरीदार फिलहाल खरीदारी से दूरी बना रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर बेचवाल भी भावों में तेजी लौटने की उम्मीद में अपनी बिक्री टाल रहे हैं। इसके चलते सराफा बाजार में कारोबार की गति प्रभावित हो रही है और नकदी का प्रवाह भी कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।
खरीदार और बेचवाल दोनों असमंजस में
वैश्विक बाजार में चल रही उथल-पुथल और डॉलर की चाल के बीच कीमती धातुओं में जारी गिरावट का कोई एक स्पष्ट कारण स्थानीय बाजार में सामने नहीं आ रहा है। खरीदारों को उम्मीद है कि सोने और चांदी के भाव आने वाले दिनों में और नीचे आ सकते हैं। इसी उम्मीद में लोग फिलहाल खरीदारी टाल रहे हैं। दूसरी ओर, ऊंचे भाव पर खरीदी कर चुके कारोबारी और निवेशक भी बाजार की दिशा स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।
एमसीएक्स पर भी उतार-चढ़ाव
गुरुवार को एमसीएक्स पर सोना 1,50,175 से 1,51,350 रुपये और चांदी 2,32,600 से 2,35,590 रुपये तक कारोबार करती रही। हाजर यानी नकद कारोबार में भी बुधवार के मुकाबले सोना करीब 700 रुपये और चांदी करीब 1500 रुपये तक नीचे रही। गुरुवार को हाजर सोना 1,50,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,30,500 रुपये प्रति किलो के स्तर पर रही। वहीं बिल कारोबार में सोने का भाव 1,54,600 रुपये और चांदी का भाव 2,34,000 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 4,254.49 से 4,303.30 डॉलर और स्पॉट सिल्वर 63.5145 से 64.5540 डॉलर के बीच कारोबार करता देखा गया। वैश्विक स्तर पर कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू सराफा बाजार पर भी पड़ रहा है। हालांकि बाजार से जुड़े कारोबारियों के अनुसार मौजूदा गिरावट के बीच आगे की दिशा को लेकर स्पष्टता नहीं है।
जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे
जनवरी 2026 में चांदी के भाव 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गए थे। लगातार गिरावट के बाद अब हाजर चांदी करीब 2.17 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर तक आ चुकी है। इसी तरह जनवरी में सोने का भाव 1.82 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर पहुंचा था, जो बाद में गिरकर करीब 1.37 लाख रुपये तक आ चुका है। इस तरह कुछ ही महीनों में दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ा अंतर देखने को मिला है।
स्थिरता आने पर ही सामान्य होगा कारोबार
सराफा व्यवसायी ऋषभ संघवी के अनुसार इस समय बाजार पर सबसे बड़ा असर भावों की अनिश्चितता का है। लगातार गिरावट के कारण खरीदार आगे और कमी की उम्मीद में खरीदारी रोक रहे हैं, जबकि निवेशक भी सतर्क रुख अपना रहे हैं। जनवरी के उच्चतम स्तर से मौजूदा भाव काफी नीचे आ चुके हैं। ऐसे में सराफा कारोबार को सामान्य गति में लौटने के लिए कीमतों में स्थिरता आना जरूरी है।







