भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

मांगें उठाईं तो वाटर कैनन से जवाब! भोपाल में सपा का प्रदर्शन उग्र, कई कार्यकर्ता घायललिंक रोड नंबर-1 पर पुलिस की कार्रवाई के बाद मचा हड़कंप, घायल कार्यकर्ताओं को जेपी अस्पताल पहुंचाया

मांगें उठाईं तो वाटर कैनन से जवाब! भोपाल में सपा का प्रदर्शन उग्र, कई कार्यकर्ता घायल

लिंक रोड नंबर-1 पर पुलिस की कार्रवाई के बाद मचा हड़कंप, घायल कार्यकर्ताओं को जेपी अस्पताल पहुंचाया 

भोपाल, यश भारत। प्रदेश की जनसमस्याओं, किसान हितों, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लिंक रोड नंबर-1 पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। वाटर कैनन के उपयोग के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए जयप्रकाश नारायण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रदर्शन के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। वाटर कैनन के इस्तेमाल से नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने के बावजूद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जो लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ है। सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए मौके पर एंबुलेंस तक नहीं भेजी गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस का रवैया उचित नहीं था और प्रशासन को घायलों की सहायता के लिए तत्काल व्यवस्था करनी चाहिए थी। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपने की बात कही थी। इसमें किसानों को भूमि पट्टे देने, पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिलाने, जातिगत जनगणना कराने, किसानों की कर्जमाफी, खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई के लिए 18 घंटे बिजली और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं।

वाटर कैनन की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों में खासा आक्रोश देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन से पुलिस कार्रवाई का जवाब मांगते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और घायल कार्यकर्ताओं का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button