राम मंदिर ट्रस्ट की जांच की मांग को लेकर सपा का हमला अदिति यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
SP demands probe into Ram Mandir Trust Demand for strict action against offensive remarks made about Aditi Yadav

राम मंदिर ट्रस्ट की जांच की मांग को लेकर सपा का हमला
अदिति यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
भोपाल, यश भारत। समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर भाजपा और प्रशासन पर निशाना साधा है। रविवार को भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय मामलों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग उठाई। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट में दान राशि और वित्तीय लेनदेन को लेकर उठाए गए सवालों का जवाब देने के बजाय राजनीतिक विरोधियों के परिवारों को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि अखिलेश यादव द्वारा ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाने के बाद उनकी पुत्री अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक मर्यादाओं के विपरीत हैं। प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी ने छतरपुर और गुना में अदिति यादव के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणियों की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने बताया कि गुना जिले में दर्ज एफआईआर के बाद एक आरोपी की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है। समाजवादी पार्टी ने मांग की कि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए तथा महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि ऐसे मामलों में समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।







