मुख्य ख़बरें

बड़ी खबर : जंबो सीताफल के बाद अब हरी मिर्च और सहजन की दुबई में दस्तक : सिवनी की 1.5 टन सब्जियों की खेप पहुंची शारजाह और दुबई के सुपरमार्केट, किसानों के लिए खुले अंतरराष्ट्रीय बाजार के नए रास्ते…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत lसिवनी जिले के किसानों की मेहनत अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने लगी है। जंबो सीताफल के बाद अब सिवनी की ताजी हरी मिर्च और सहजन (मोरिंगा) की फलियां भी सात समंदर पार मध्य-पूर्व के बाजारों तक पहुंच गई हैं। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के तकनीकी सहयोग से जिले की इन कृषि उपजों का संयुक्त अरब अमीरात में निर्यात शुरू किया गया है। इससे स्थानीय किसानों के लिए कृषि निर्यात के नए अवसर खुलने की उम्मीद बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में परीक्षण के तौर पर सिवनी से हरी मिर्च और सहजन की कुल 1.5 टन खेप शारजाह के लिए रवाना की गई थी। गुणवत्ता परीक्षण में सफल रहने के बाद आवश्यक प्रमाण-पत्र भी प्राप्त हुए। इसके बाद यह खेप दुबई के विभिन्न सुपरमार्केट तक पहुंची, जहां सिवनी की इन सब्जियों की बिक्री भी शुरू हो गई है। जिले की उपज का विदेशी बाजार में पहुंचना स्थानीय कृषि उत्पादों की गुणवत्ता और निर्यात की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस निर्यात प्रक्रिया में मुंबई की कॉग्नीफाय इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड ने शिवहरे एक्सपोर्ट एंड मैन्युफैक्चरिंग तथा जिले के किसानों से उत्पाद खरीदकर निर्यात की व्यवस्था की। कंपनी के निदेशक जलज मोहन के अनुसार, सिवनी और आसपास के क्षेत्रों में कृषि व्यवसाय एवं कृषि निर्यात की व्यापक संभावनाएं हैं। विशेषकर प्राकृतिक और जैविक तरीके से उत्पादित कृषि उपज की विदेशी बाजारों में अच्छी मांग है।

जिला उद्यानिकी अधिकारी डॉ. आशा उपवंशी वासेवार ने बताया कि अधिक से अधिक किसानों और उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। आगामी समय में गुणवत्ता प्रमाणन एवं निर्यात संबंधी प्रक्रियाएं पूरी कर यूरोप और मध्य-पूर्व के देशों में मिश्रित सब्जियों की ट्रायल शिपमेंट भेजने की योजना है।

कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने इसे जिले के कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्थानीय किसानों की उपज को वैश्विक बाजार मिलना उनकी आय बढ़ाने की दिशा में अहम कदम है। दुबई और शारजाह में सिवनी के उत्पादों की पहुंच से भविष्य में निर्यात की संभावनाएं और मजबूत होंगी।

स्थानीय खेतों से विदेशी बाजार तक पहुंचने का यह सिलसिला जिले के किसानों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। यदि निर्यात की यह पहल नियमित रूप लेती है तो हरी मिर्च, सहजन और अन्य उद्यानिकी फसलों के उत्पादकों को स्थानीय मंडियों से आगे बेहतर बाजार और अपनी उपज का व्यापक मूल्य मिलने का रास्ता खुल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button