पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी कार, तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत
कार का अगला हिस्सा चकनाचूर, टेनिस खिलाड़ी खून से लथपथ

सुल्तानपुर, यश भारत। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 97.500 के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। सभी छह लोग अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रतिघंटा बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए।

सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में तीनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया। हादसे में देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की मौत हो गई। घायलों में आनंद यादव (23), राजू यादव (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।







