जेल गेट के सामने पुलिस को चकमा देकर भागे तीन आरोपी, महकमे में मचा हड़कंप, बहोरीबंद पुलिस जिला जेल में दाखिल कराने लाई थी आरोपियों को, एक दोबारा पकड़ाया

कटनी, यशभारत। कटनी में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। बहोरीबंद थाने से जिला जेल कटनी में दाखिल कराने लाए गए तीन आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी जेल के मुख्य गेट के सामने से ही पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय की गईं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम बहोरीबंद पुलिस 151 के तहत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों राकेश, रंजीत और अभिषेक को जिला जेल कटनी में दाखिल कराने पहुंची थी। पुलिस टीम तीनों को जेल के भीतर दाखिल कराने की प्रक्रिया पूरी कर पाती, इससे पहले ही तीनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। जेल गेट के सामने हुई इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और आरोपियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस ने तत्काल उनकी तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस की सक्रियता के बाद एक आरोपी को दोबारा पकड़ने में सफलता मिली, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, शहर में पहले से ही चर्चित किसना ज्वेलर्स चोरी कांड को लेकर पुलिस पर दबाव बना हुआ है। ऐसे में जिला जेल के सामने से पुलिस अभिरक्षा में लाए गए आरोपियों का फरार होना पुलिस महकमे के लिए एक नई चुनौती बन गया है।







