Top-5जबलपुरदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

यशभारत ब्रेकिंग : क्षमता से अधिक भरा बरगी बांध, 17 गेट खुले, 21 की नौबत, देखे वीडियो ……

जबलपुर,यशभारत। बरगी बांध के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है। बढ़ती आवक और जलस्तर को देखते हुए बांध प्रबंधन ने रविवार सुबह 11 बजे चार और गेट खोल दिए। इसके साथ ही बांध के खुले गेटों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। सभी गेटों से औसतन 2.36 मीटर की ऊंचाई से करीब 6136 क्यूमेक पानी प्रति सेकंड नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। बांध प्रबंधन के अनुसार रविवार सुबह बांध का जलस्तर 423.06 मीटर दर्ज किया गया, जबकि बांध की निर्धारित जलस्तर क्षमता 422.76 मीटर है। जलस्तर और पानी की आवक को देखते हुए गेटों से जल निकासी बढ़ाई गई है। बांध के 17 गेट खुलने के बाद गेटों के सामने बने पुल के ऊपर से करीब 10 फीट तक पानी बह रहा है। स्थिति को देखते हुए बांध प्रबंधन लगातार जलस्तर और आवक की निगरानी कर रहा है।

घाटों पर 8 से 10 फीट तक बढ़ सकता है जलस्तर

बरगी बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने का असर नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर भी दिखाई देगा। अनुमान है कि वर्तमान जलस्तर की तुलना में घाटों पर 8 से 10 फीट तक जलस्तर बढ़ सकता है। इससे नदी किनारे और निचले इलाकों में पानी का दबाव बढ़ने की संभावना है। प्रशासन और बांध प्रबंधन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

आवक के अनुसार बदलेगी गेटों से निकासी

बांध प्रबंधन के मुताबिक जलग्रहण क्षेत्र में बारिश और पानी की आवक के अनुसार गेटों से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है। आवक बढ़ने पर जल निकासी बढ़ाई जाएगी, जबकि आवक कम होने पर गेटों से पानी छोड़ने की मात्रा घटाई जा सकती है। बांध के जलस्तर, बारिश और आवक की लगातार निगरानी की जा रही है।

नदी-घाटों से दूर रहने की अपील

नर्मदा का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों से नदी और घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। विशेषकर निचले घाटों और नदी के तटीय क्षेत्रों में जाने तथा नदी में उतरने से बचने की सलाह दी गई है। परिस्थितियों के अनुसार आगे गेटों की संख्या और जल निकासी में भी बदलाव किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button