Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

यशभारत ब्रेकिंग : लोडिंग ऑटो के पाइप तोड़कर स्कूली वैन में घुसे, एक बच्ची घायल, देखे वीडियो….

जबलपुर, यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के दमोह नाका स्थित पंजाब बैंक कॉलोनी के समीप शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लोडिंग ऑटो में लापरवाहीपूर्वक रखे एल्युमिनियम के पाइप आगे चल रही स्कूली वैन का कांच तोड़ते हुए अंदर घुस गए। हादसे के वक्त वैन में क्रिश्चियन हाई स्कूल के आठ बच्चे सवार थे। घटना में एक बच्ची को चोट आई, जबकि अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोडिंग ऑटो में बड़ी संख्या में एल्युमिनियम के पाइप लादे गए थे। पंजाब बैंक कॉलोनी के पास आगे यातायात जाम होने के कारण स्कूली वैन चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से आ रहे लोडिंग ऑटो में रखे पाइप वैन का पिछला कांच तोड़ते हुए सीधे अंदर घुस गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वैन में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल वैन से बच्चों को बाहर निकाला और घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गनीमत रही कि पाइपों की चपेट में आने से अन्य बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोडिंग ऑटो को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे ने एक बार फिर वाहनों में क्षमता से अधिक और असुरक्षित तरीके से सामान लादकर परिवहन करने की लापरवाही को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button