ब्रेकिंग : अंतिम संस्कार से लौट रहे भजन गायक दिलीप तिवारी की सड़क हादसे में दुखद मौत, माता राधा -पिता विश्वनाथ घायल, क्षेत्र में शोक की लहर, बरही के परसवारा में दर्दनाक घटना

बरही/कटनी, यशभारत । सिहोरा के हरदुआ से अपने मौसिया के अंतिम संस्कार के उपरांत बाइक से माता-पिता के साथ घर लौट रहे बरही के डोकरिया गांव के भजन गायक दिलीप तिवारी सड़क हादसे में मौत की नींद सो गए, जबकि उनके पिता विश्वनाथ तिवारी और माँ राधा तिवारी बुरी तरह जख्मी है। यह सड़क हादसा थाना बरही अंतर्गत ग्राम परसवारा के पास 2 बाइक की सीधी भिड़ंत से हुआ। घायल विश्वनाथ और राघा को बरही से प्राथमिक उपचार के बाद कटनी रेफर किया जा रहा था।
सुरीली आवाज से जादूगर थे दिलीप
अपनी सुरीली आवाज से भजनों के माध्यम से लोगों के हृदय में भक्ति और श्रद्धा का संचार करने वाले भजन गायक, सरस्वती विद्यालय बरही के आचार्य दिलीप तिवारी बरही के ग्राम डोकरिया निवासी विश्वनाथ तिवारी के पुत्र 40 वर्षीय थे, जिनका सड़क हादसे में असामयिक निधन की दुखद खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। दिलीप तिवारी केवल एक भजन गायक ही नहीं, बल्कि अपनी मधुर आवाज और गायन की अनूठी शैली से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले कलाकार थे। उनके भजनों में ऐसी मिठास और भावनात्मक गहराई थी, जो सुनने वालों को मंत्रमुग्ध कर देती थी। उनकी आवाज क्षेत्र के धार्मिक आयोजनों और भजन संध्याओं की पहचान बन चुकी थी। कितना पीड़ादायक है कि जिस आवाज ने अब तक अनगिनत हृदयों में भक्ति के स्वर घोले, वह आवाज आज हमेशा के लिए खामोश हो गई। उनका यूं अचानक दुनिया से विदा हो जाना परिवार, शुभचिंतकों और चाहने वालों के लिए कभी न भरने वाली क्षति है।








