यशभारत फालोअप : कटनी में अब तक की सबसे बड़ी चोरी से भोपाल तक हड़कंप, पुलिस मुख्यालय ने मांगी जानकारी, थोड़ी देर में आ सकते आईजी, किसना ज्वेलर्स में 15 करोड़ की चोरी पुलिस के लिए बनी चुनौती
दीवार में सेंध लगाकर दिया वारदात को अंजाम, चोरों ने पहले रेकी की, फिर इत्मीनान से दिया वारदात को अंजाम, बाहरी गिरोह होने की भी आशंका

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरगवां स्थित एलआईसी के पास किसना ज्वेलर्स शो रूम में हुई करीब 12 से 15 करोड़ की चोरी ने भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय तक सनसनी मचा दी है। खबर है कि पुलिस मुख्यालय में आईजी जबलपुर से वारदात के संबंध में पूरी जानकारी मांगी है। यह भी पता चला है कि कुछ देर में निरीक्षण के लिए जबलपुर से आईजी भी कटनी आ रहे है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कई घंटे रुककर किसना शो रूम और पीछे लगी पहाड़ी और झाड़ियों में जाकर तफ्तीश की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कटनी में अब तक की सबसे बड़ी चोरी की वारदात में किसी बाहरी चोर गिरोह का हाथ भी हो सकता है। वारदात की टाइमिंग और तरीके से जाहिर होता है कि चोर पूरी तैयारी से थे और उन्होंने करीब दो तीन दिन शो रूम की रैकी भी की होगी। शो रूम मेन रोड पर है, लेकिन इसका पिछला हिस्सा रात्रि के बाद सुनसान इलाके में तब्दील हो जाता है। इसके अलावा झाड़ियां और पहाड़ी भी लगी हुई है। चोरों ने इत्मीनान से पीछे की दीवार में छेद किया और अंदर घुसे। चोर अपने साथ अलमारी या काटने का पूरा इंतजाम भी करके आए थे। पुलिस को गैस सिलेंडर भी मिले है, जिससे जाहिर हो रहा है कि लॉकर काटने के लिए उन्होंने गैस कटर का इस्तेमाल किया होगा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक वारदात रात्रि 3 बजे से 6 बजे के बीच की है। वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर 4 या उससे ज्यादा रहे होंगे। पीछे से शो रूम में घुसने के बाद वहां रखे सोने, चांदी तथा डायमंड के कीमती आभूषण लेकर किसी चार पहिया वाहन से फरार हुए होंगे। डॉग स्क्वाड सारी निशानदेही की पतासाजी कर रही है। बताया जाता है कि दीपावली के त्योहार के चलते शोरूम में करोड़ों रुपये का अतिरिक्त स्टॉक रखा हुआ था।
12 करोड़ से अधिक का माल : शो रूम संचालक
शो रूम संचालक मोहन बजाज ने मीडिया को बताया कि चोरी गए आभूषणों की कीमत 12 से 15 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। उन्होंने कहा कि सारे आभूषण का रिकॉर्ड कम्प्यूटर पर होता है, जिसके आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे जब शो रूम के कर्मचारियों ने शटर उठाया, तब उन्हें इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने तत्काल फोन पर सूचना दी। इस बड़ी वारदात से शहर के व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बड़े शो रूम के संचालक इस वारदात के बाद दहशत में आ गए है।
एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल मौर्य सहित माधवनगर थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोरूम के अंदर से लेकर पिछले हिस्से तक का बारीकी से निरीक्षण किया। घटनास्थल से पुलिस को पाना, प्लास और पेचकस सहित कुछ औजार मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड की मदद भी ली जा रही है।
12 से 15 करोड़ के आभूषण चोरी होने की जानकारी
चोरी गए आभूषणों की कीमत को लेकर शुरुआती आंकड़ों में अंतर सामने आया है। शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक दुकान में करीब 12 से 15 करोड़ रुपये के आभूषण रखे हुए थे। वहीं पुलिस अधीक्षक के शुरुआती आकलन के अनुसार लगभग 10 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी होने की आशंका है। हालांकि चोरी गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का पता स्टॉक रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों के मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
पुलिस शोरूम और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। माधवनगर थाने से कुछ ही दूरी पर हुई इस बड़ी वारदात ने पुलिस पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। पुलिस ने अपनी जांच में विशेष रूप से अलसुबह के समय की गतिविधियों को जांच के दायरे में लिया है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। व्यस्त बरगवां मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम में इतनी बड़ी चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रिकालीन पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों के कारोबार वाले प्रतिष्ठान में दीवार तोड़कर चोरों का दाखिल होना और फिर बड़ी मात्रा में आभूषण लेकर फरार हो जाना पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।








