ढाबा कर्मचारियों पर तलवार-बेसबॉल बैट से हमला : 4 घायल…. क्षेत्र में हड़कंप

सतना। रीवा रोड स्थित कारगिल ढाबे में रात जमकर हंगामा हुआ। ढाबा बंद होने के बाद सामान देने से इनकार करना कर्मचारियों को भारी पड़ गया। इससे नाराज होकर पहुंचे युवकों ने तलवार, बेसबॉल बैट, लाठी-डंडे और बेल्ट से कर्मचारियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में चार कर्मचारी घायल हो गए, जबकि आरोपियों ने ढाबे में भी तोड़फोड़ की। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे कुछ युवक कारगिल ढाबे पहुंचे थे। उन्होंने कर्मचारियों से आइसक्रीम, सिगरेट, अंडा करी और डिस्पोजल सामान मांगा। कर्मचारियों ने ढाबा बंद होने की बात कहते हुए सामान देने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर युवकों और कर्मचारियों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवकों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने वहां रखे सामान में भी तोड़फोड़ की।
ढाबा संचालक रमेश सिंह उर्फ मिंटू के मुताबिक, हमले में अंकुर सिंह, अमान खान और सैफ खान सहित करीब आधा दर्जन युवक शामिल थे। उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 2:30 बजे खाना खाने के बाद वह घर चले गए थे। रात लगभग 3:10 बजे कर्मचारियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। जब तक वह मौके पर पहुंचे, आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
चार कर्मचारी घायल
हमले में सुनील अहिरवार, सूरज सिंह गौड़, अंकित अहिरवार और निखिल अहिरवार को चोटें आई हैं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना के बाद कोलगवां थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। ढाबा संचालक की ओर से बताए गए नामों के आधार पर भी पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। देर रात ढाबे में हुई इस वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।







