दो भाइयों ने मिलकर की 45 लाख की चोरी, पत्नी ने घर में छिपाए जेवर,तीन आरोपी गिरफ्तार, देखे वीडियो …..

जबलपुर, यश भारत। पनागर थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 45 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें दो सगे भाई अभिषेक चौबे और आशीष चौबे तथा आशीष की पत्नी ज्योति चौबे शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 तोला सोने के जेवर, चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त ऑटो, सब्बल और ऑटो का हुड बरामद किया है।
परिवार को स्टेशन छोड़ने गया था, पीछे से टूटे ताले
पुलिस के अनुसार पनागर निवासी गगन शर्मा ने 13 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 11 सितंबर की रात पत्नी और बच्चों को इंदौर जाने वाली ट्रेन में बैठाने जबलपुर स्टेशन गया था। इसके बाद वह अपने माता-पिता के वत्सला पैराडाइज स्थित फ्लैट में रुक गया। सुबह पड़ोसी ने फोन कर घर के सामने शटर का कुंदा टूटा होने की जानकारी दी। घर पहुंचने पर दो आलमारियों के ताले टूटे मिले और लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे।
सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध ऑटो
घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में रात करीब 1.04 बजे एक नीले रंग का ऑटो मकान के सामने रुकता दिखाई दिया। ऑटो पर गोल्ड लोन कंपनी का विज्ञापन लगा था। जांच में पता चला कि यह ऑटो ग्राम केवलारी निवासी आशीष चौबे चला रहा था।
पूछताछ में भाई ने खोला राज
पुलिस ने अभिषेक चौबे को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने भाई आशीष के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि आशीष हाथ में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती था, लेकिन वह वहां से फरार हो गया। उसकी पत्नी ज्योति से पूछताछ में चोरी के जेवर घर में छिपाकर रखने की जानकारी सामने आई।
मुखबिर की सूचना पर आशीष भी पकड़ा गया
फरार आशीष की तलाश में पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आशीष ने बताया कि दोनों भाइयों ने दो दिन तक मकान की निगरानी की थी। इसके बाद ऑटो से पहुंचकर ताला तोड़ा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी का माल उसने अपनी पत्नी को सौंप दिया था।
45 लाख के जेवर और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलसूत्र, हार, कंगन, चेन, झुमकी, कान की बालियां, सोने के टॉप्स, अंगूठियां, नाक की लौंग सहित अन्य सोने के जेवर और चांदी के आभूषण बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद जेवरों की कुल कीमत करीब 45 लाख रुपये है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त ऑटो, सब्बल और ऑटो का हुड भी जब्त किया गया।
आशीष के खिलाफ पहले से चार मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी आशीष चौबे के खिलाफ पूर्व से मारपीट, चोरी और दुर्घटना सहित चार अपराध पंजीबद्ध हैं। तीनों आरोपियों को मामले में विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







