राजधानी में अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस-प्रशासन का छापा , कोतवाली क्षेत्र की चार दुकानों से लाखों के पटाखे जब्त, बिना लाइसेंस बीच शहर में हो रहा था कारोबार

राजधानी में अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस-प्रशासन का छापा
कोतवाली क्षेत्र की चार दुकानों से लाखों के पटाखे जब्त, बिना लाइसेंस बीच शहर में हो रहा था कारोबार
भोपाल ,यश भारत। राजधानी भोपाल में बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना क्षेत्र में बीच शहर स्थित चार दुकानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने लाखों रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं।

दीपावली के त्योहार को देखते हुए किसी बड़ी अनहोनी को रोकने के लिए प्रशासन ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार दीपावली के मद्देनजर प्रशासन ने बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार नियमों को ताक पर रखकर शहर के व्यस्त बाजारों में अवैध रूप से पटाखों का कारोबार कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने चार दुकानों पर दबिश दी।

जांच के दौरान दुकानों में बिना अनुमति रखे गए पटाखे मिले जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पटाखों का अवैध भंडारण और बिक्री सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा है। घनी आबादी और व्यस्त बाजारों के बीच इस तरह पटाखे रखने से आगजनी या विस्फोट जैसी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसी खतरे को देखते हुए समय रहते कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







