10 होटल-रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा टीम की दबिश – स्वच्छता से लेकर एक्सपायरी सामान तक हुई जांच

10 होटल-रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा टीम की दबिश
– स्वच्छता से लेकर एक्सपायरी सामान तक हुई जांच
भोपाल, यश भारत । शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो दिन विशेष जांच अभियान चलाया। 12 और 13 सितंबर को विभाग की टीम ने भोपाल के 10 प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राहकों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता के साथ किचन और खाद्य सामग्री के रखरखाव की भी बारीकी से जांच की गई। नियमों में खामियां मिलने पर संबंधित संचालकों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक के निर्देश पर यह अभियान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के पालन की स्थिति जानने के लिए चलाया गया था। टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री के भंडारण से लेकर भोजन तैयार करने की प्रक्रिया तक का निरीक्षण किया।
किचन की सफाई पर विशेष नजर
जांच के दौरान टीम ने किचन और स्टोरेज एरिया की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण और वेज-नॉनवेज सामग्री को अलग-अलग रखने की व्यवस्था देखी। अधिकारियों ने यह भी जांचा कि कहीं एक्सपायरी डेट वाली खाद्य सामग्री का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है।
इसके अलावा खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीयन का प्रदर्शन, खाद्य पदार्थों की लेबलिंग, पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था और खाद्य सामग्री के इस्तेमाल में FIFO (पहले आने वाली सामग्री का पहले उपयोग) व्यवस्था की भी पड़ताल की गई।
फूड हैंडलर्स की मेडिकल फिटनेस भी जांची
होटल और रेस्टोरेंट में भोजन तैयार करने तथा परोसने वाले कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित रिकॉर्ड भी देखे गए। अधिकारियों ने संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने और ग्राहकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।







