जबलपुरदेशमध्य प्रदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जबलपुर आगमन की तैयारी

स्कूली बच्चों की भागीदारी होगी अनिवार्य

जबलपुर, यश भारत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस बार संस्कारधानी जबलपुर को बड़ी सौगात मिल सकती है। आगामी 21 जून को आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के शामिल होने का प्रस्ताव है। राष्ट्रपति के संभावित दौरे की सूचना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों और क्लास टीचर्स के आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों में निर्देश जारी किए गए हैं कि राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। शिक्षकों को भेजे गए संदेश में कहा गया है कि 21 जून को आयोजित कार्यक्रम में सभी स्कूलों के विद्यार्थियों की उपस्थिति निर्धारित की गई है।

मुख्य आयोजन से पहले विद्यार्थियों को योग अभ्यास कराने के लिए स्कूलों में विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। बच्चों को सुबह 6:30 बजे से 8:00 बजे तक विद्यालय पहुंचकर योगाभ्यास करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जा सके।

सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम के लिए गैरीसन ग्राउंड सहित शहर के बड़े मैदानों पर विचार किया जा रहा है। मानसून को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ डोम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी योजना बनाई जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों के अलावा जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक भी योग करते नजर आ सकते हैं। राष्ट्रपति के दौरे और कार्यक्रम का विस्तृत मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जल्द जारी होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button