मध्य प्रदेशराज्य
‘काल’ का तांडव: दो भीषण सड़क हादसों में बुझ गए पांच घरों के चिराग… क्षेत्र में हडकंप

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर जिले की सड़कों पर जैसे मौत ने खुला तांडव किया। महज कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। तेज रफ्तार और लापरवाही के कहर ने पांच हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे कहीं मातम पसरा है तो कहीं चीखता हुआ सन्नाटा।
खौफनाक मंजर: हवा में उछले युवक और मौके पर ही थम गई सांसें
पहली रूह कंपा देने वाली घटना सागर-बंडा रोड पर ग्राम सौरई के पास घटित हुई। यहाँ बुधवार रात एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर में आई गंभीर चोटों के कारण उन्हें संभलने का एक पल भी नसीब नहीं हुआ और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान प्रियांशु रैकवार, हर्ष रैकवार और तुलसीराम राय के रूप में हुई है, जो बंडा के पठार मोहल्ला के निवासी थे।
अधूरी रह गईं खुशियां, 22 से भी कम थी उम्र
दिल को चीर देने वाली बात यह है कि जान गंवाने वाले इन तीनों युवकों की उम्र 22 साल से भी कम थी। अभी जीवन के सपने परवान चढ़ना शुरू ही हुए थे कि नियति ने उन्हें बेरहमी से अपनों से दूर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा बनाया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है, जो हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
खेल परिसर के पास फिर बरपा कहर: कंटेनर ने दो को कुचला
अभी सौरई हादसे की खबर से लोग उबरे भी नहीं थे कि शहर के खेल परिसर के पास स्थित स्टेट बैंक के सामने एक और खूनी मंजर सामने आया। यहाँ एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो अन्य युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में भी दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही रात में हुए इन दो हादसों ने प्रशासन और यातायात व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक साथ पांच मौतों की खबर ने सागर को स्तब्ध कर दिया है। जिन घरों के चिराग बुझ गए, वहां अब केवल बिलखते परिजन और कभी न भरने वाला शून्य बचा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन इन हादसों ने एक बार फिर यह कड़वा सच सामने रख दिया है कि सड़कों पर दौड़ते ‘रफ्तार के सौदागर’ किस कदर मासूम जिंदगियों को लील रहे हैं।
ट्रक को जाप्ति की कार्यवाही करते हुए मर्ग कायम किय गया
थाना गोपालगंज के उप निरीक्षक नीरज जैन ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि घटना में गोपालगंज निवासी अभिषेक साहू पिता कमलेश साहू उम्र 24 वर्ष तथा रणवीर परिहार उम्र 25 वर्ष निवासी रीवा की मौके की मौत हो गई थी। दोनों ही मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सौंप दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के निर्देशन में घटना के आरोपी ट्रक ड्राइवर गोपाल साहू को मौके पर ही हिरासत में लेकर ट्रक को जाप्ति की कार्यवाही करते हुए मर्ग कायम किय गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।







