मध्य प्रदेशराज्य

हनी ट्रैप मामले में बड़ी कार्रवाई: नेत्री को इंदौर पुलिस ने सागर से किया गिरफ्तार, पूछताछ में खुलेंगे कई सफेदपोशों के राज

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो) / मध्य प्रदेश के बहुचर्चित हनी ट्रैप नेटवर्क की आंच एक बार फिर सागर तक पहुंच गई है। इंदौर के रसूखदार शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह को अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठने और ब्लैकमेल करने के मामले में इंदौर पुलिस ने सागर के मकरोनिया में बड़ी दबिश दी है। पुलिस ने सागर के उप नगर मकरोनिया निवासी एक पार्टी की सक्रिय नेत्री रेशु उर्फ अभिलाषा चौधरी को उसके घर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद पूरे बुंदेलखंड के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भारी हड़कंप मच गया है। पुलिस इस पूरे ब्लैकमेलिंग नेटवर्क के तार खंगाल रही है, जिसमें रेशु चौधरी को इस नए हनी ट्रैप गिरोह की सबसे मुख्य कड़ी माना जा रहा है।

 

गिरफ्तार आरोपी रेशु उर्फ अभिलाषा चौधरी का राजनीतिक और सामाजिक रसूख का इतिहास बेहद बड़बोला और विवादित रहा है। वह खुद को बेहद उच्च शिक्षित और मेधावी छात्रा बताती थी, साथ ही वह झूठा दावा भी करती थी कि वह यूपीएससी (UPSC) और एमपीपीएससी (MPPSC) मेंस जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षाएं पास कर चुकी है। इसी मेधावी छवि की आड़ में उसने साल 2020 के आसपास सागर शहर के कटरा बाजार में एक कथित यूपीएससी कोचिंग भी शुरू की थी, जिसके बड़े-बड़े विज्ञापन अखबारों में दिए गए थे, लेकिन बाद में वह संस्थान भी वित्तीय अनियमितताओं के चलते भारी विवादों में घिर गया था। राजनीति और रसूखदारों के बीच पैठ बनाने की सनक के चलते वह एक बहुचर्चित पार्टी में बेहद सक्रिय हो गई और तत्कालीन अनेक मुख्यमंत्री साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई रहीं। इतना ही नहीं, साल 2023 के विधानसभा चुनाव में उसने नरयावली सीट से भाजपा के टिकट के लिए बाकायदा दावेदारी भी ठोक दी थी।

यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार रेशु चौधरी ने इसी राजनीतिक रसूख की आड़ में मकरोनिया और सागर शहर के कई नामचीन सफेदपोश लोगों, बड़े व्यापारियों और रसूखदारों को अपना शिकार बनाया था। उसने खुद के बड़े रसूख और ऊंचे संपर्कों का हवाला देकर शहर के कई लोगों से छोटी-बड़ी मोटी रकमें उधार व अन्य काम कराने के नाम पर ले रखी थीं, जिन्हें वह रसूख दिखाकर लंबे समय से लौटा नहीं रही थी। इसी बीच उसका संपर्क मध्य प्रदेश के पुराने और कुख्यात हनी ट्रैप मामले की मुख्य आरोपी श्वेता विजय जैन से हुआ, जो जेल में बंद थी। जेल में रहने के दौरान श्वेता जैन की मुलाकात इंदौर की ही चर्चित लेडी तस्कर अलका दीक्षित से हुई। कोर्ट में पेशी के दौरान श्वेता जैन ने ही रेशु चौधरी की मुलाकात अलका दीक्षित से कराई थी। कोर्ट परिसर में मुलाकातों के इसी सिलसिले के बीच एक बिल्कुल नए और खतरनाक ब्लैकमेलिंग नेटवर्क की रूपरेखा तैयार की गई।

विवेचना में यह बात सामने आई है कि रेशु चौधरी ने लेडी तस्कर अलका दीक्षित को पूरा भरोसा दिलाया था कि सागर और भोपाल के कई बड़े राजनेता, नामचीन प्रॉपर्टी कारोबारी, नामी फाइनेंसर, शराब माफिया और कई आला अफसर उसके सीधे संपर्क में हैं, जिन्हें वह आसानी से अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठ सकती है। इसी षड्यंत्र के तहत इंदौर के बड़े शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह को जाल में फंसाया गया, जिसकी शिकायत पर इंदौर पुलिस ने यह आक्रामक कार्रवाई की है। इंदौर पुलिस द्वारा रेशु चौधरी को रिमांड पर लेकर की जा रही कड़ी पूछताछ में सागर, भोपाल और इंदौर के कई बड़े सफेदपोश चेहरों, राजनेताओं और अधिकारियों के नाम उजागर होने की पूरी संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में कई बड़े राजफाश हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button