मध्य प्रदेशराज्य

बड़ी खबर : फूड पॉइजनिंग का कहर : 7 वर्षीय मासूम की मौत, 3 का निजी अस्पताल में उपचार जारी

सतना, यश भारत। जिले के उचेहरा जनपद अंतर्गत आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र परसमनिया पहाड़ में अचानक उल्टी-दस्त और तेज तबीयत बिगड़ने के मामलों ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। गांव के एक ही परिवार के चार लोग बीमार हो गए, जिनमें 7 वर्षीय मासूम किशन की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार परिवार के कई सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को पहले उचेहरा अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें सतना रेफर किया गया। इसी दौरान रास्ते में मासूम किशन ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य तीन मरीजों का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। बीमार लोगों में शिवम दाहिया (12 वर्ष), बाबूलाल दाहिया (65 वर्ष) और शांति बाई (55 वर्ष) शामिल हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बना हुआ है। खेतों में काम करने के दौरान ही परिवार के लोग बीमार पड़े, जिससे हीट वेव से फूड प्वाइजनिंग की आशंका भी जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि पूरा परिवार लंबे समय से कुएं का पानी पी रहा था। ऐसे में दूषित पानी से संक्रमण फैलने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल मेडिकल टीम भेजकर जांच कराने और गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार किशन की मौत के बाद गुरुवार को अन्य पीड़ितों को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां से कुछ बिचौलियों द्वारा उन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी मरीजों की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

घटना के बाद परसमनिया पहाड़ क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते बीमारी के कारणों की जांच नहीं की गई तो अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से बीमारी के कारणों की पुष्टि नहीं की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button