चित्रकूट में नदी में गिरी श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो, दो की मौत, चार घायल

सतना/चित्रकूट। शारदा माता के दर्शन के लिए मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो चित्रकूट में हादसे का शिकार हो गई। श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के कानपुर के निवासी बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार तड़के करीब तीन बजे हुआ। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पैदल तीर्थयात्रियों की नजर नदी में गिरी बोलेरो पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद घायलों को चित्रकूट स्थित जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कानपुर निवासी सुनील गुप्ता (50) और हिमांशु सिंह सेंगर (30) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
झपकी आने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घायलों की हालत में सुधार होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।







