देश

राज्यसभा चुनाव 2026 का बिगुल: 10 राज्यों की 24 सीटों पर होगा महासंग्राम

18 जून को मतदान, खरगे-दिग्विजय समेत कई दिग्गज नेताओं का खत्म होगा कार्यकाल

नई दिल्ली। भारतीय चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। जून और जुलाई 2026 में 10 राज्यों की 24 सीटें खाली हो रही हैं, जबकि 2 सीटों पर उपचुनाव भी कराया जाएगा। इन सीटों के लिए 18 जून 2026 को मतदान होगा। चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी।

इन राज्यों में होंगे चुनाव, आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में सबसे ज्यादा 4-4 सीटें खाली

राज्यसभा चुनाव के तहत आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की 4-4 सीटों पर मतदान होगा। मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटें खाली हो रही हैं, जबकि झारखंड में 2 सीटों पर चुनाव होगा। इसके अलावा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट पर मतदान कराया जाएगा। तमिलनाडु और महाराष्ट्र में उपचुनाव भी प्रस्तावित हैं।

चुनाव कार्यक्रम घोषित,8 जून तक नामांकन, 18 जून को वोटिंग और काउंटिंग

चुनाव आयोग के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी।

कई दिग्गज नेता होंगे रिटायर,मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह और एचडी देवगौड़ा का कार्यकाल समाप्त

इस चुनाव के साथ कई वरिष्ठ नेताओं का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन सहित कई सांसद रिटायर हो रहे हैं। मध्य प्रदेश से दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल समाप्त होगा। वहीं राजस्थान से नीरज डांगी, राजेंद्र गहलोत और रवनीत सिंह बिट्टू रिटायर होंगे।

भाजपा के सबसे ज्यादा सांसद हो रहे रिटायर,24 में से 11 सांसद बीजेपी के, कांग्रेस के 4 सदस्य शामिल

रिटायर होने वाले सांसदों में सबसे अधिक 11 सांसद भाजपा के हैं, जबकि कांग्रेस के 4 सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। बाकी सीटें अन्य दलों के सांसदों के पास हैं। ऐसे में आगामी राज्यसभा चुनाव को राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button