अनुशासन और नशे से दूरी ही सफलता की कुंजी – ओरिएंटल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स में टेकफिज़ एक्स फार्माज़ेफिर का हुआ समापन

अनुशासन और नशे से दूरी ही सफलता की कुंजी
– ओरिएंटल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स में टेकफिज़ एक्स फार्माज़ेफिर का हुआ समापन
फोटो कैप्शन – कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा।
भोपाल, यश भारत। ओरिएंटल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स द्वारा आयोजित टेकफिज़ एक्स फार्माज़ेफिर का समापन समारोह पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा कि अनुशासन, कुशल नेतृत्व और नशे जैसी बुरी आदतों से दूरी ही जीवन में सफलता का सशक्त मार्ग है। उन्होंने कहा कि यह उनका संस्थान में दूसरा आगमन है। वर्ष 2012 के अपने पहले दौरे को याद करते हुए उन्होंने उस समय की स्मृतियां साझा कीं, जब वे महानायक अमिताभ बच्चन की मधुशाला प्रस्तुति के दौरान उपस्थित रहे थे। साथ ही उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम से ड्यूटी के दौरान हुई मुलाकात और सैटेलाइट लॉन्चिंग से जुड़े उनके प्रेरक विचारों का उल्लेख करते हुए नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व पर प्रकाश डाला।
डीजीपी सच्ची सफलता उसी को मिलती है जो अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अच्छी आदतें अपनाने, आत्म-अनुशासन बनाए रखने और महान व्यक्तियों की आत्मकथाएं पढऩे की सलाह दी। डीजीपी मकवाणा ने युवाओं से नशे से दूरी है जरूरी अभियान से जुडऩे और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुसीबतों के समय हौसला बनाए रखना और साहस के साथ अपने विचार रखना जीवन में आगे बढऩे के लिए बेहद जरूरी है। डीजीपी ने द साइबर टाइम्स मैगजीन का विमोचन भी किया। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओरिएंटल यूनिवर्सिटी इंदौर के चांसलर एवं ओजीआई के चेयरमैन प्रवीण ठकराल ने की, जबकि प्रो चांसलर एवं वाइस चेयरमैन गौरव ठकराल विशेष रूप से उपस्थित रहे।







