बेटियों के जन्म से ही संवरने लगे उनके भविष्य के सपने
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला चिकित्सालय में नवजात बच्चियों का सम्मान

बेटियों के जन्म से ही संवरने लगे भविष्य के सपने
माताओं को बताईं सरकारी योजनाएं
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला चिकित्सालय में नवजात बच्चियों का सम्मान

स्वागत किट देकर परिवारों को किया प्रोत्साहित
कटनी, यशभारत। बेटी के जन्म के साथ ही उसके बेहतर भविष्य की राह आसान हो, इसी उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला चिकित्सालय में नवजात बेटियों का स्वागत किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बच्चियों की माताओं और परिजनों को स्वागत किट भेंट कर उन्हें बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक भविष्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
कलेक्टर आशीष तिवारी के नेतृत्व में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत हुई इस पहल में परिजनों को मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में बताया गया। विभागीय अधिकारियों ने बेटियों को समान अवसर देने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए परिवारों को प्रेरित किया।
बच्चियों के सम्मान से माताओं के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। कुछ बच्चियों के पिता और दादा भी स्वागत किट लेने पहुंचे। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल गफ्फार, सहायक संचालक वनश्री कुर्वेती, शहरी परियोजना अधिकारी अनुपमा आटे, बाल संरक्षण अधिकारी मनीष तिवारी और जिला चिकित्सालय की दुर्गा पटेल सहित संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।







