कटनी

दोस्त ने पत्थर पटककर की युवक की हत्या, रुपझिर मोड़ के पास जंगल में मिली लाश, पुरानी रंजिश को लेकर दिया वारदात को अंजाम

कटनी/पवई, यशभारत। पन्ना पुलिस ने रैपुरा थाना अंतर्गत रुपझिर मोड़ के पास जंगल में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को 48 घंटे के भीतर सुलझाकर अंधे हत्या कांड का खुलासा किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पत्थर, मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन को जप्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन में पन्ना पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस ने बताया कि 13 मार्च को फरियादी वनरक्षक प्रेम शंकर ने रैपुरा थाने में सूचना दी थी कि रुपझिर मोड़ के आगे दमोह रोड की ओर जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना प्राप्त होते ही रैपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग दर्ज किया और जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज कर किया। रैपुरा थाना प्रभारी स्मिता सिंह ने घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एएसपी वंदना चौहान एवं एसडीओपी पवई भावना दांगी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी स्मिता सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
एफएसएल टीम ने किया निरीक्षण
टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही एफएसएल टीम सागर, डॉग स्कवाड एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मृतक पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान करन चौधरी पिता दिनेश चौधरी उम्र 19 वर्ष निवासी कटनी के रूप में हुई। इसके पश्चात कटनी-दमोह रोड तथा कटनी क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें मृतक करन चौधरी अपनी बाइक से दमोह की ओर जाता दिखाई दिया तथा उसके पीछे एक अज्ञात युवक बैठा दिखाई दिया। फुटेज से प्राप्त फोटो को मृतक के परिजनों एवं आसपास के लोगों को दिखाया गया, जिससे पीछे बैठे युवक की पहचान अमर केवट पिता अर्जुन प्रसाद केवट निवासी अमीरगंज के रूप में हुई। संदेही अमर केवट से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार किया।
शराब पीने के बाद विवाद
आरोपी ने बताया कि पुराने विवाद एवं आपसी रंजिश के चलते 11 मार्च को रैपुरा के आगे पुलिया के पास जंगल में दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच फिर विवाद हो गया, जिस पर आरोपी ने वहां पड़े पत्थर से करन चौधरी के सिर एवं चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मृतक की मोटरसाइकिल एवं मोबाइल लेकर कटनी चला गया तथा दोनों को जंगल में छिपाकर रख दिया। आरोपी के बताए अनुसार पुलिस द्वारा मृतक की मोटरसाइकिल एवं मोबाइल बरामद कर जप्त किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कार्यवाही में थाना प्रभारी रैपुरा उपनिरीक्षक स्मिता सिंह, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद बागरी, प्रधान आरक्षक अश्वनी सिंह्र, प्रधान आरक्षक रवि खरे, आरक्षक अतुल, अभिषेक, अजय, द्वारिका तथा महिला आरक्षक सुल्तान का सराहनीय योगदान रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button