जहरीले सांप के काटने से दादा और मासूम पोती की मौत, गांव में छाया मातम

कटनी, यशभारत। जिले के रीठी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम गोदाना में बारिश के मौसम के बीच एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। देर रात घर में सो रहे एक बुजुर्ग और उनकी ढाई साल की पोती को जहरीले सांप ने डस लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। एक ही झटके में परिवार की दो पीढ़ियों के खत्म हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
*रात 3 बजे चीख सुनकर पहुंचे परिजन*
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गोदाना निवासी अशोक चौधरी अपनी ढाई वर्षीय पोती जानकी चौधरी के साथ कमरे में सो रहे थे। रात करीब 3 बजे अचानक दोनों की चीख सुनकर परिवार के लोग जाग गए। जब परिजनों ने कमरे की लाइट जलाई, तो एक जहरीला सांप आंगन के रास्ते झाड़ियों की तरफ भागता नजर आया।
*अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम*
घबराए परिजन तुरंत दोनों को रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान सबसे पहले मासूम जानकी ने दम तोड़ा, और कुछ ही देर बाद अशोक चौधरी की भी मौत हो गई।
मृतक के परिजन प्रहलाद चौधरी ने बताया कि घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई थी। दोनों को बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और उन्हें परिजनों को सौंप दिया।







