मध्य प्रदेशराज्य

बारिश के बीच दर्दनाक हादसा : नाले में बहने से 4 वर्षीय मासूम की मौत, बचाने कूदी मां की बची जान

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई रपटों के ऊपर से पानी बह रहा है और नालों का जलस्तर भी लगातार बढ़ा हुआ है। ऐसे ही हालात के बीच बुधवार को कोतवाली थाना अंतर्गत खैरीटेक क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें चार वर्षीय मासूम ऋषि यादव की नाले में बहने से मौत हो गई। बेटे को बचाने के लिए नाले में कूदी उसकी मां की जान तो बच गई, लेकिन वह अपने इकलौते बेटे को नहीं बचा सकी।

जानकारी के अनुसार खैरीटेक क्षेत्र में नाले के किनारे बने मकान में रहने वाली सुनीता यादव अपने चार वर्षीय बेटे ऋषि यादव को घर के पीछे शौच कराने ले गई थीं। मकान के पीछे ही बरसाती नाला बहता है, जिसमें लगातार बारिश के कारण तेज बहाव था। इसी दौरान ऋषि का पैर फिसल गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। बेटे को बहता देख मां सुनीता यादव ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। तत्काल पुलिस और बचाव दल को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए काफी प्रयास के बाद सुनीता यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव में बह चुके मासूम ऋषि को बचाया नहीं जा सका। कुछ दूरी पर उसकी तलाश के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतक ऋषि अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। बेटे की मौत से पिता लोकेश यादव, मां सुनीता यादव और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खैरीटेक का यह नाला बरसात के दिनों में हर साल खतरा बन जाता है। नाले के किनारे सुरक्षा दीवार, रेलिंग और उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने से लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से नाले का शीघ्र सुधारीकरण, सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button