बगराजी के पास टिकरिया गांव में रात को पहुंचा मगरमच्छ, लोगों में दहशत

जबलपुर, जबलपुर के बगराजी के समीप स्थित टिकरिया गांव में देर रात एक मगरमच्छ के घुसने से हड़कंप मच गया। गांव के धर्मराज बैगा के घर के दरवाजे पर रात करीब 1:30 बजे एक 6-7 साल पुराना मादा मगरमच्छ आ पहुंचा, जिसे देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए।
धर्मराज बैगा ने बताया कि रात में जब वे बाथरूम के लिए बाहर निकले, तो उन्हें अपने दरवाजे के पास एक बड़े आकार का जानवर दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत अपने परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों को जगाया। मगरमच्छ के आने की खबर आग की तरह फैल गई और रात 1:30 बजे से लेकर आज सुबह 10:00 बजे तक हजारों की संख्या में लोग मगरमच्छ को देखने के लिए इकट्ठा हो गए।
मगरमच्छ दरवाजे से निकलकर कभी सड़क पर तो कभी नाली में, लगभग 50 मीटर की दूरी तक घूमता रहा, और चारों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा रही।धर्मराज बैगा ने तत्काल नरेंद्र विश्वकर्मा नामक व्यक्ति को इसकी सूचना दी, जिन्होंने आगे वन विभाग के रेंजर (कुडंम) को सूचित किया। रेंजर ने तत्काल रेस्क्यू टीम को जानकारी दी। रेस्क्यू टीम सुबह 10:00 बजे टिकरिया गांव पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।सर्प विशेषज्ञ धनंजय घोष ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ को जबलपुर के खंदारी जलाशय में सुरक्षित छोड़ा जाएगा। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मादा मगरमच्छ कहां से और कैसे टिकरिया गांव तक आ पहुंचा। इस घटना से ग्रामीणों में कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया था।







