ढाई किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, ढीमरखेड़ा पुलिस ने की कार्रवाई, स्कूटी एवं पल्सर जब्त

कटनी, यशभारत। ढीमरखेडा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 567 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त करने में सफलता प्राप्त की है। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने बताया कि मादक पदार्थों के व्यापार में लगे व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में विगत 19 जुलाई को ढीमरखेडा पुलिस द्वारा ग्राम खमतरा बिचुआ मोड के पास गश्त की जा रही थी। इसी दौरान मेन रोड में दो व्यक्ति अपनी गाड़ी लेकर खड़े दिखे। पुलिस को पास आते देखकर दोनों भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस द्वारा तत्काल घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में मुकेश पिता पांडू बैगा उम्र 28 साल निवासी ग्राम ताला थाना चंदिया एवं प्रकाश राय पिता राजकुमार राय उम्र 21 साल निवासी ग्राम बडखेरा से पूछताछ की गई। उनकी तलाशी लेने पर अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। मुकेश बैगा के कब्जे से 1 किलो 240 ग्राम गांजा एवं प्रकाश राय के कब्जे से 1 किलो 327 ग्राम सहित कुल 2 किलो 567 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जिसकी कीमत 33 हजार रूपये आंकी गई है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त करते हुए आरोपियों के विरूद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का कायम कर विवेचना में लिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी, एएसआई जयपाल सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, आरक्षक पंकज सिंह, अजय सिंह, जोगेश्वर कुंजाम, डुमनदास, गर्धव सिंह, देवेन्द्र अहिरवार का विशेष योगदान रहा।






