भोपाल में ब्रांडेड कंपनियों का नकली सामान जब्त, क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी को पकड़ा

भोपाल में ब्रांडेड कंपनियों का नकली सामान जब्त, क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी को पकड़ा
भोपाल,यशभारत। भोपाल क्राइम ब्रांच ने शहर और आसपास के इलाकों में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली दैनिक उपयोगी सामग्री सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सोहेल उर्फ रेहान (पिता रईस), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर शहर की छह अलग-अलग दुकानों पर की गई छापेमारी में करीब 10 लाख रुपए मूल्य का नकली साबुन, शैम्पू, क्रीम, विक्स और मसाले जब्त किए गए हैं।
अहमदाबाद से लाता था नकली सामान
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोहेल गुजरात के अहमदाबाद से पीएंडजी, गोदरेज और एवरेस्ट जैसी नामचीन कंपनियों की सामग्री सस्ते दामों में खरीदता था। इसके बाद वह इन सामानों को भोपाल और आसपास की स्थानीय दुकानों में असली ब्रांडेड उत्पादों की निर्धारित बाजार कीमत पर सप्लाई करता था।
इन इलाकों की दुकानों पर पड़ी दबिश
शिकायत की पुष्टि होने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर बैरागढ़, शाहजहानाबाद, गांधी नगर, फूटा मकबरा और मरघट छोला स्थित दुकानों पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान गोदरेज की क्रीम, सर्फ, शैम्पू व साबुन, पीएंडजी का विक्स वेपोरब व ईनो तथा एवरेस्ट कंपनी के मसालों की बड़ी खेप बरामद की गई। पुलिस ने संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है।
हूबहू पैकिंग के कारण धोखा खा रहे थे ग्राहक
भोपाल क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी जो नकली उत्पाद बेच रहे थे, उनकी पैकिंग और रैपर असली सामान की तरह ही तैयार किए गए थे, जिससे आम उपभोक्ता असली और नकली में अंतर नहीं पहचान पा रहे थे। पुलिस के पास नकली उत्पाद खरीदने और बेचने वालों की पूरी सूची तैयार है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







