बारिश ने बढ़ाई मुसीबत: मौत का छोटा तालाब बना प्रियंका नगर का धंसा सेप्टिक टैंक
वार्ड 84: लगातार बारिश से दलदल में बदला गड्ढा, जिम्मेदार बेखबर; बड़े हादसे के इंतजार में प्रशासन और पार्षद

बारिश ने बढ़ाई मुसीबत: मौत का छोटा तालाब बना प्रियंका नगर का धंसा सेप्टिक टैंक
वार्ड 84: लगातार बारिश से दलदल में बदला गड्ढा, जिम्मेदार बेखबर; बड़े हादसे के इंतजार में प्रशासन और पार्षद
भोपाल,यश भारत। राजधानी के वार्ड नंबर 84 स्थित प्रियंका नगर 210 क्वार्टर, कोलार में नगर निगम की लापरवाही और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से हालात दिन-ब-दिन और बदतर होते जा रहे हैं। हाल ही में हुई तेज बारिश के बाद प्रियंका नगर के मुख्य मार्ग पर धंसा सेप्टिक टैंक अब एक खतरनाक दलदली तालाब का रूप ले चुका है। स्थिति इतनी भयानक हो चुकी है कि आए दिन वहां से गुजरने वाले राहगीरों और स्कूली बच्चों की जान पर बन आई है, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अफसरों और स्थानीय पार्षद की नींद नहीं टूट रही है।
कचरे के नीचे छुपा था जानलेवा खतरा
स्थानीय निवासियों ने बताया कि प्रियंका नगर के मुख्य रास्ते के किनारे स्थित एक खाली प्लॉट पर सालों से सेप्टिक टैंक मौजूद था। खाली प्लांट को देख नगर निगम ने इस प्लॉट की सफाई कराने के बजाय इसे अवैध डंपिंग ग्राउंड बनने दिया। बरसों तक कचरा फेंके जाने की वजह से यह खतरा कचरे के ढेर के नीचे दबा रहा। रहवासियों द्वारा कई बार क्षेत्रीय पार्षद और निगम अधिकारियों से इसे साफ करने की गुहार लगाई गई, लेकिन हर बार जनहित की मांग को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
बारिश से और बिगड़े हालात, बना डेथ ट्रैप
हालिया बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी है। भारी बारिश के पानी और कचरे के मिलने से धंसा हुआ सेप्टिक टैंक अब गहरे दलदली तालाब में तब्दील हो चुका है। मुख्य रास्ता होने के कारण दिन-रात यहाँ से वाहनों और लोगों की आवाजाही बनी रहती है। रात के अंधेरे में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने के कारण यह गढ्ढा सीधे मौत को दावत दे रहा है। क्षेत्र के लोग अपने छोटे बच्चों को घरों से बाहर भेजने में भी डरने लगे हैं।








