बेल्जियम में बड़ा रेल हादसा, स्कूल बस से टकराई ट्रेन; 4 की मौत
दुर्घटना बुगेनहाउट स्टेशन के पास स्थित एक लेवल क्रॉसिंग पर हुई

ब्रसेल्स। बेल्जियम में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में स्कूल बस ट्रेन से टकरा गई, जिसमें दो छात्रों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में बस चालक और एक अन्य वयस्क की भी जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
यह दुर्घटना राजधानी ब्रसेल्स से करीब 23 किलोमीटर दूर बुगेनहाउट स्टेशन के पास स्थित एक लेवल क्रॉसिंग पर हुई। अधिकारियों के अनुसार हादसे के समय रेलवे क्रॉसिंग के सुरक्षा बैरियर नीचे थे, इसके बावजूद स्कूल बस ट्रेन की चपेट में आ गई।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बस में सात बच्चे, चालक और एक अटेंडेंट सवार थे। हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब बस विशेष शिक्षा विद्यालय की ओर जा रही थी। राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई।
बेल्जियम के मोबिलिटी मंत्री जीन-ल्यूक क्रुक और गृह मंत्री बर्नार्ड क्विंटिन ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।







